Brief By Newsbrief / 5:17 PM on 28 Apr 2026
बाढ़ : बख्तियारपुर के व्यस्त न्यू मार्केट में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जाता है कि एक दुकान में अचानक चिंगारी उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कॉस्मेटिक व कपड़ों की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि शादी और त्योहार के सीजन को देखते हुए उन्होंने भारी मात्रा में सामान स्टॉक किया था, जो इस आग में पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के बाद पूरे बाजार में मायूसी का माहौल है। प्रभावित दुकानदार प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।