Back

बगहा में गैंगवार की आहट, कुख्यात पुट्टू मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

Brief By Newsbrief / 12:19 PM on 28 Apr 2026


बिहार के बगहा अनुमंडल में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल चौक पर कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीधे उसके सिर में लगी।

जानकारी के अनुसार, पुट्टू मिश्रा जमीन विवाद सुलझाने के लिए फुलकौल चौक पर पहुंचा था और कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब दो राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।

घायल पुट्टू को स्थानीय लोगों ने रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुट्टू मिश्रा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई गंभीर मामलों में आरोपी था। पुलिस गैंगवार, पुरानी दुश्मनी और जमीन विवाद सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Read more on Newsbrief