Back

बिहार में राजस्व का नया रिकॉर्ड: लक्ष्य पार कर 8403 करोड़ की ऐतिहासिक वसूली

Brief By Newsbrief / 4:05 PM on 27 Apr 2026


पटना में मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए राजस्व संग्रह में बड़ी उपलब्धि का दावा किया है। उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विभाग ने इस वर्ष 8403 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया, जो निर्धारित लक्ष्य 8250 करोड़ रुपये के मुकाबले 101.86 प्रतिशत है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9.8 प्रतिशत अधिक है।

सरकार के अनुसार इस सफलता के पीछे डिजिटाइजेशन और तकनीकी सुधारों की अहम भूमिका रही है। विभाग ने 1995 से 2026 तक करीब 2.34 करोड़ दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया है और पुराने रिकॉर्ड को भी तेजी से ऑनलाइन किया जा रहा है। निबंधन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पेपरलेस सिस्टम, ऑनलाइन भुगतान और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं लागू की गई हैं।

इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, वातानुकूलित प्रतीक्षालय और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी शुरू की गई हैं। सरकार ने 2026-27 के लिए 10,000 करोड़ रुपये का नया लक्ष्य निर्धारित किया है।

वहीं शराबबंदी को लेकर भी सख्ती का दावा किया गया है। राज्य में 84 चेकपोस्ट स्थापित कर ड्रोन, स्निफर डॉग और स्कैनर के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है। 2016 से मार्च 2026 तक 11 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए और 4 करोड़ 83 लाख लीटर से ज्यादा शराब जब्त की गई है। साथ ही ‘नीरा संवर्धन योजना’ के जरिए रोजगार बढ़ाने की पहल भी की जा रही है।

Read more on Newsbrief