Brief By Newsbrief / 12:40 PM on 27 Apr 2026
पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में STF के पुलिस उप-महानिरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और लगभग समाप्ति की ओर है। उन्होंने बताया कि राज्य के चार जिलों—जमुई, लखीसराय, गया और औरंगाबाद—में अभी भी नक्सली गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।
हाल ही में एक नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है, जिसने पुलिस से लूटी गई ऑटोमेटिक बंदूकें भी वापस कर दी हैं। सरकार की ओर से उसे प्रोत्साहन के तहत 13 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
डीआईजी ने जानकारी दी कि 1 जनवरी 2026 से अब तक STF ने विशेष अभियान चलाकर एक AK-47, इंसास पिस्टल और करीब 1600 गोलियां अपराधियों से बरामद की हैं। इसके अलावा अपहरण के छह मामलों में पीड़ितों को सुरक्षित बरामद किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में भूमाफियाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है। पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे बड़े जिलों में विशेष अभियान चलाकर माफियाओं पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है।