Back

बाढ़ में अंधविश्वास का कहर: ‘डायन’ बताकर महिला की बेरहमी से पिटाई, हालत गंभीर

Brief By Newsbrief / 10:25 AM on 27 Apr 2026


बिहार के बाढ़ अनुमंडल से अंधविश्वास और डायन प्रथा से जुड़ी एक शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बाढ़ थाना क्षेत्र के दयाचक स्थित पुरानी पोस्ट ऑफिस गली में एक महिला को ‘डायन’ बताकर बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में महिला इतनी गंभीर रूप से घायल हो गई कि वह मौके पर ही बेहोश हो गई।

पीड़िता अंजलि देवी ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी छोटी दुकान पर बैठी थीं, तभी अचानक 8 से 10 लोगों का एक समूह वहां पहुंचा। इस समूह में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। आते ही सभी ने उन पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी बर्बर थी कि अंजलि देवी जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं। हमलावरों को लगा कि उनकी मौत हो गई है, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

इस घटना ने समाज में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा की कड़वी सच्चाई को फिर उजागर किया है। पीड़िता के परिवार ने बाढ़ थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Read more on Newsbrief