Brief By Newsbrief / 6:43 PM on 24 Apr 2026
पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास पैसा नहीं है, तभी उसे लगातार कर्ज लेना पड़ रहा है। तेजस्वी के अनुसार, बिहार पर इस समय करीब 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, जिससे हर बिहारी पर औसतन 27 हजार रुपये का बोझ पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खजाने की स्थिति इतनी खराब है कि पेंशन और कर्मचारियों के वेतन का समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा है। उनका कहना था कि बिना पर्याप्त संसाधनों के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और कोई भी काम सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा है।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि कर्ज लेना कोई नई बात नहीं है, हर सरकार कर्ज लेती है, लेकिन राज्य की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी से पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपने ऊपर दर्ज मुकदमों की संख्या और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर बिहारी को यह जानने का अधिकार है कि उनका नेतृत्व कौन कर रहा है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के बारे में कई बातें स्पष्ट नहीं हैं, यहां तक कि उनकी उम्र को लेकर भी लोगों में भ्रम है, ऐसे में जनता कैसे विश्वास करेगी।