Brief By Newsbrief / 5:55 PM on 23 Apr 2026
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गुरुवार को नालंदा जिले के कपटसरी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दुष्कर्म के बाद आत्महत्या करने वाली नाबालिग पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि 13 दिन पहले नालंदा थाना क्षेत्र के इस गांव में एक नाबालिग के साथ उसके पिता के सामने पिस्तौल की नोक पर दुष्कर्म किया गया था। घटना से आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, इतने दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिस पर पप्पू यादव ने नाराजगी जताई।
उन्होंने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समाज की बेटी थी, जिसे हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस मुद्दे को सदन में जोरदार तरीके से उठाएंगे।
महिला आरक्षण बिल पर दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर भी पप्पू यादव ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका बयान उन नेताओं के खिलाफ था, जो महिलाओं को गलत नजर से देखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले का खुलासा सदन और मीडिया के स्टिंग ऑपरेशन में भी हुआ, लेकिन कार्रवाई सिर्फ उनके खिलाफ की गई।
उन्होंने कहा कि यदि उनके बयान से किसी महिला को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं और न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।