Brief By Newsbrief / 12:17 PM on 23 Apr 2026
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 के लिए कक्षा 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा (Second Board Exam) की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ये परीक्षाएं 15 मई 2026 से शुरू होकर 21 मई 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
डेटशीट के अनुसार परीक्षा की शुरुआत 15 मई को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) विषय से होगी। इसके बाद 16 मई को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 18 मई को विज्ञान विषय का पेपर होगा, जबकि 19 मई को हिंदी समेत विभिन्न भाषाओं और वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं कराई जाएंगी। अन्य विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर क्रमवार आयोजित होंगी।
CBSE द्वारा आयोजित यह सेकेंड बोर्ड परीक्षा उन छात्रों के लिए एक अहम अवसर है, जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं या किसी विषय में बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें और डेटशीट के अनुसार अपनी पढ़ाई की रणनीति बनाएं।
छात्रों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र व समय की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।