Back

दिनदहाड़े हमला: ई-रिक्शा रोककर एक ही परिवार के चार लोगों को मारा चाकू

Brief By Newsbrief / 12:10 PM on 23 Apr 2026


हाजीपुर के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय-लालगंज मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े ई-रिक्शा रोककर एक ही परिवार के चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना नरेंद्र प्रबोधी गांव के पास हुई। घायलों में पौरा मदन सिंह गांव निवासी रवि कुमार, उनकी पत्नी निशा कुमारी, राजेंद्र महतो और उनकी पत्नी बबीता देवी शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया है।

घायल रवि कुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले देवेन्द्र महतो के पुत्र विक्की कुमार के साथ उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने थाने में केस दर्ज कराया था। आरोप है कि विक्की लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी।

गुरुवार सुबह रवि कुमार अपनी पत्नी का इलाज कराने परिवार के साथ ई-रिक्शा से सदर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए विक्की कुमार और उसके साथियों ने ई-रिक्शा रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Read more on Newsbrief