Brief By Newsbrief / 4:36 PM on 22 Apr 2026
झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित गोमो रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। सियालदह–अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक के शरीर के टुकड़े घटनास्थल पर बिखर गए, जबकि कुछ हिस्सा ट्रेन के आगे वाले हिस्से में फंस गया।
ट्रेन तेज गति से आगे बढ़ते हुए लगभग 30 किलोमीटर दूर पारसनाथ स्टेशन तक पहुँच गई, जहां ट्रेन की गति में असामान्यता महसूस होने पर चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। जांच के दौरान सामने आया कि ट्रेन के आगे हिस्से में मानव शरीर के अवशेष फंसे हुए हैं।
इसके बाद करीब 50 मिनट तक ट्रेन पारसनाथ स्टेशन पर रुकी रही। मौके पर पहुंची जीआरपीएफ (GRPF) टीम ने शव को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन मिला है, जिससे उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
इस दर्दनाक घटना से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि हादसा दुर्घटना था या कोई अन्य कारण। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है।