Brief By Newsbrief / 3:27 PM on 22 Apr 2026
पटना से जारी अहम संगठनात्मक फैसले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची घोषित कर दी है। पार्टी ने इस बार अनुभव और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता देते हुए 24 नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शीर्ष नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं, जबकि संजय कुमार झा कार्यकारी अध्यक्ष पद पर बरकरार रखे गए हैं।
सूची के अनुसार पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गोपालगंज के सांसद आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा मनीष वर्मा, आफाक अहमद खां, श्याम रजक, अशोक चौधरी समेत 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। कहकशां परवीन और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी जैसे अल्पसंख्यक चेहरों को शामिल कर पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने का प्रयास किया है।
प्रवक्ता सह सचिव के रूप में राजीव रंजन प्रसाद को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कई अन्य नेताओं को सचिव पद पर मनोनीत किया गया है।
इस सूची की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा यह रही कि हाल के दिनों में सक्रिय दिख रहे निशांत कुमार को संगठन में कोई पद नहीं दिया गया। इससे पार्टी के अंदरूनी संदेश और रणनीति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।