Brief By Newsbrief / 10:38 AM on 21 Apr 2026
बिहार के जहानाबाद जिले में एनएच-22 पर स्थित सेरथुआ टोल प्लाजा के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टोल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, उमराईबिगहा गांव से बारात जा रही थी और टोल प्लाजा के पास डीजे की धुन पर नाचने के दौरान टोल कर्मियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान टोल गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिसमें विकास कुमार और रोहित कुमार को गोली के छर्रे लगे और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं आदित्य कुमार मारपीट में जख्मी हो गया। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मनोज कुमार पांडेय, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी और संजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गार्ड की बंदूक जब्त कर ली है और आसपास के इलाके में छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि टोल कर्मियों और ग्रामीणों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है।