Brief By Newsbrief / 1:14 PM on 20 Apr 2026
पटना में आयोजित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो गई, लेकिन इस बैठक में विधायक दल के नए नेता का चयन नहीं हो सका। हालांकि, बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को नेता चुनने का अधिकार दे दिया है।
बैठक के बाद जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार नीतीश कुमार को दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जो भी निर्णय नीतीश कुमार लेंगे, उसे पूरी पार्टी स्वीकार करेगी।
नीरज कुमार ने यह भी बताया कि बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने बिहार का दौरा करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी संगठन और सहयोगी दलों के साथ मिलकर राज्य का व्यापक भ्रमण करेंगे और लोगों के बीच जाकर संवाद करेंगे।
निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार ने साफ कहा कि बैठक में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। फिलहाल पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।