Back

सुपौल में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बस पलटी; दर्जनों घायल

Brief By Newsbrief / 12:45 PM on 16 Apr 2026


सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर हरियाही के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पटना से उदाकिशुनगंज जा रही एक यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में 14 घायलों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, जबकि डॉक्टरों ने 8 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।

हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक चालक वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Read more on Newsbrief