Brief By Newsbrief / 12:18 PM on 16 Apr 2026
पटना से बिहार की राजनीति को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को फिलहाल टाल दिया गया है और अब इस पर फैसला 6 मई के बाद होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे, जबकि पूरी चुनावी प्रक्रिया 6 मई को समाप्त होगी। इसी के बाद बिहार में राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, मई के पहले सप्ताह में विस्तार की तैयारी थी, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर बदलते सियासी हालात और सहयोगी दलों के बीच संतुलन साधने की रणनीति के कारण इसे आगे बढ़ाया गया है। फिलहाल सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार में केवल तीन सदस्यीय मंत्रिमंडल है, जिसमें मुख्यमंत्री के पास 29 विभागों की जिम्मेदारी है। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी 10 और विजेंद्र यादव 8 विभाग संभाल रहे हैं।
अब राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि विस्तार में किन नए चेहरों को मौका मिलेगा। सभी की नजरें 6 मई के बाद होने वाले फैसले पर टिकी हैं।