Back

नालंदा के परवलपुर में गेहूं कटाई पर खूनी बवाल, जेडीयू नेता और वार्ड पार्षद पक्ष में चले लाठी-डंडे

Brief By Newsbrief / 5:11 PM on 09 Apr 2026


नालंदा: जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के गौरबनगर गांव में जमीन विवाद के बीच गेहूं कटाई को लेकर बड़ा बवाल हो गया। खेत में फसल काटने के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जहां जेडीयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी और स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चितरंजन प्रसाद के समर्थकों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस मारपीट में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि समेत तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल चितरंजन प्रसाद का आरोप है कि वह अपने खेत में गेहूं कटवा रहे थे, तभी अजय चंद्रवंशी 10 से 20 लोगों के साथ वहां पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई और दोबारा खेत में आने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही परवलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Read more on Newsbrief