Brief By Newsbrief / 5:08 PM on 09 Apr 2026
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गुरही पंचायत के वार्ड संख्या 9 में कथित प्रेम संबंध के आरोप में एक प्रेमी जोड़े को सार्वजनिक रूप से खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि पीड़ित महिला करीब दो महीने की गर्भवती बताई जा रही है, इसके बावजूद उस पर लाठियां बरसाई गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला शादीशुदा है और उसका प्रेमी उससे मिलने पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि स्थानीय वार्ड सदस्य ने खुद को कानून से ऊपर मानते हुए दोनों को खंभे से बांधा और सैकड़ों लोगों की भीड़ के सामने पिटाई की। मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कराया। कसबा थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।