Brief By Newsbrief / 3:09 PM on 06 Apr 2026
भागलपुर जिले के बाखरपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोनू टोला गांव से करीब 500 मीटर उत्तर स्थित एक खेत में जमीन के अंदर दफन महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने खेत में कुछ संदिग्ध दबे होने की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार राम ने दल-बल के साथ पहुंचकर जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से एक शव बरामद हुआ, जो प्राथमिक जांच में किसी महिला या युवती का बताया जा रहा है। हालांकि अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने देर शाम तक घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच शुरू कर दी है। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।