Brief By Newsbrief / 2:43 PM on 04 Apr 2026
बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्हें पार्टी की अगली बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग की गई है। पोस्टर में लिखा गया— “क्लाइमेट लीडर के संकल्पों को पूरा करने के लिए तैयार है भाई निशांत” और “नीतीश सेवक मांगे निशांत”— जिसने जदयू के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को और तेज कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह पोस्टर छात्र जदयू के एक पदाधिकारी की ओर से लगाया गया है, जिसे सिर्फ सामान्य राजनीतिक गतिविधि नहीं बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हाल के दिनों में निशांत कुमार की सक्रियता, जदयू कार्यालय में उनकी मौजूदगी और समर्थकों के नारों ने इस चर्चा को और बल दिया है कि पार्टी उन्हें धीरे-धीरे राजनीति में बड़ी भूमिका के लिए तैयार कर रही है।
हालांकि, अब तक जदयू नेतृत्व की ओर से इस पोस्टर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इसके बावजूद पटना की पोस्टर पॉलिटिक्स ने बिहार में उत्तराधिकार, नेतृत्व बदलाव और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर सियासी तापमान बढ़ा दिया है।