Brief By Newsbrief / 11:24 AM on 04 Apr 2026
एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग और डिलीवरी में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अगर आपकी गैस एजेंसी मनमानी कर रही है, सिलेंडर देने से इनकार कर रही है या तय कीमत से अधिक रुपये मांग रही है, तो आप इसकी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से शिकायत कर सकते हैं।
इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस जैसी कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए आधिकारिक शिकायत पोर्टल और टोल-फ्री हेल्पलाइन उपलब्ध कराई है। यहां आप ओवरचार्जिंग, सर्विस में देरी, फर्जी डिलीवरी, खराब व्यवहार, रिफिल सप्लाई और ऑनलाइन पेमेंट से जुड़ी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचती है और जांच शुरू हो जाती है।
शिकायत दर्ज करने के लिए LPG ID, ग्राहक संख्या, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और भुगतान रसीद जैसी जानकारी देनी पड़ती है। शिकायत सबमिट होते ही आपको एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे आप पोर्टल पर उसकी स्थिति ट्रैक कर सकते हैं।
यदि कंपनी स्तर पर समाधान नहीं मिले, तो उपभोक्ता CPGRAMS (केंद्र सरकार शिकायत पोर्टल) या राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर मामला दर्ज कर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवा सकते हैं। इससे कालाबाजारी करने वाले डीलरों पर कानूनी शिकंजा कस सकता है।