Brief By Newsbrief / 6:18 PM on 02 Apr 2026
आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को राज्यसभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया। उनकी जगह पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया गया है। पार्टी ने इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भेजकर बदलाव की जानकारी दी है। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि अब राघव चड्ढा को पार्टी के कोटे से सदन में बोलने का समय न दिया जाए।
हालांकि पार्टी ने इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन इसे AAP के अंदर बदलते राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। राघव चड्ढा लंबे समय से पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे हैं और संसद में आम लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। हालिया सत्रों में उन्होंने गिग वर्कर्स, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य मिलावट, सस्ते एयरपोर्ट भोजन और पितृत्व अवकाश जैसे मुद्दों पर आवाज उठाई थी।
नए उपनेता अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक और एक सफल उद्योगपति रहे हैं। उनकी नियुक्ति को पार्टी की नई संसदीय रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।