Brief By Newsbrief / 2:39 PM on 24 Mar 2026
तकनीक के तेजी से विकास के साथ साइबर ठग भी अपने तरीकों को लगातार अपडेट कर रहे हैं। इन दिनों साइलेंट कॉल स्कैम तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से हजारों लोगों को एक साथ कॉल किया जाता है। जब यूजर कॉल रिसीव करता है, तो सामने से कोई आवाज नहीं आती, जिससे लोग इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कॉल दरअसल एक रणनीति का हिस्सा होता है, जिसका उद्देश्य यह पता लगाना होता है कि आपका मोबाइल नंबर एक्टिव और रिस्पॉन्सिव है या नहीं। जैसे ही ठगों को यह जानकारी मिलती है, वे आगे चलकर आपको फिशिंग कॉल, फर्जी मैसेज, ओटीपी स्कैम और बैंकिंग धोखाधड़ी के जरिए निशाना बनाते हैं।
साइलेंट कॉल में सीधे पैसे नहीं मांगे जाते, बल्कि पहले आपकी जानकारी जुटाई जाती है। अगर किसी अनजान नंबर से बार-बार कॉल आए और कोई जवाब न मिले, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है।
ऐसे में जरूरी है कि अनजान नंबर से आए साइलेंट कॉल को नजरअंदाज करें, दोबारा कॉल न उठाएं और कोई भी निजी जानकारी साझा न करें। आप कॉल ब्लॉक और स्पैम फिल्टर जैसे फीचर्स का इस्तेमाल कर खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।