Brief By Newsbrief / 11:43 AM on 24 Mar 2026
बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम ने भागलपुर जिले को गौरवान्वित कर दिया है। कजरैली प्रखंड के केलापुर गांव की जुड़वां बहनें साक्षी और सृष्टि ने विज्ञान संकाय में जिला टॉपर बनकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दोनों बहनें मृत्युंजय कुमार और संगीता शर्मा की बेटियां हैं और भागलपुर के गवर्नमेंट हाई स्कूल की छात्राएं रही हैं।
सबसे खास बात यह रही कि दोनों का प्रदर्शन लगभग समान रहा। साक्षी को 92 प्रतिशत और सृष्टि को 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। एक साथ पढ़ाई, एक जैसी मेहनत और अब एक साथ सफलता ने पूरे इलाके को गर्व से भर दिया है। परिणाम घोषित होते ही केलापुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और जश्न का माहौल बन गया।
दोनों बहनों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। मां संगीता शर्मा ने भावुक होकर बताया कि पटना से टॉपर वेरिफिकेशन के लिए फोन आने पर ही बड़ी उपलब्धि का अंदाजा हो गया था।
भविष्य की योजना को लेकर साक्षी और सृष्टि ने बताया कि वे बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल की शिक्षिकाओं और भागलपुर के उप विकास आयुक्त ने वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी। यह सफलता पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।