Brief By Newsbrief / 2:00 PM on 23 Mar 2026
हाजीपुर के सराय क्षेत्र में पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह मुख्यमंत्री की रेस में नहीं हैं और न ही कभी रहेंगे, लेकिन उनकी इच्छा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से हो। उन्होंने दावा किया कि एनडीए में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सहमति बन चुकी है और जल्द ही घोषणा की जाएगी।
इस दौरान चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टीकरण की राजनीति हावी है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और ममता सरकार की विदाई तय है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि चुनावी हार के बाद वह जनता और मीडिया से दूरी बना चुके हैं। उन्होंने उनकी नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल उठाया।
इस मौके पर चिराग पासवान पीड़ित परिवार से मिलने भी पहुंचे और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।