Back

निशांत कुमार की एंट्री पर प्रशांत किशोर का तंज, कहा– “राजनीति बन गई परिवारों की जागीर”

Brief By Newsbrief / 6:15 PM on 19 Mar 2026


नालंदा पहुंचे जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को बिहार नव निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चाओं पर तीखा तंज कसा।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की राजनीति अब कुछ गिने-चुने परिवारों तक सीमित हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के करीब 1200 ऐसे परिवार हैं, जिनके सदस्य सांसद, विधायक या मंत्री हैं, और अब उनके बेटे ही आगे इन पदों पर काबिज होंगे।

उन्होंने कहा कि आम लोगों के बच्चों के लिए राजनीति में जगह नहीं बची है। “एक तरफ नेताओं के बेटे सत्ता में आएंगे, वहीं दूसरी तरफ गरीब और मध्यम वर्ग के बेटे रोज़गार के लिए दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर होंगे,” उन्होंने कहा।

प्रशांत किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार के नेताओं को राज्य के युवाओं की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। वे सिर्फ अपने परिवार और वंश को आगे बढ़ाने में लगे हैं, जिससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।

Read more on Newsbrief