Back

डेटा-आधारित शासन को मजबूती देने की दिशा में बिहार की बड़ी पहल

Brief By Newsbrief / 4:22 PM on 19 Mar 2026


पटना: बिहार सरकार सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने के लिए डेटा-आधारित शासन प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में फुलवारी स्थित एक निजी होटल में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि विकास को गति देने के लिए योजनाओं का एसडीजी के साथ प्रभावी समन्वय बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जिला स्तर तक सुदृढ़ निगरानी तंत्र विकसित कर रही है, जिससे योजनाओं की प्रगति का सटीक आकलन संभव होगा। उन्होंने डेटा गैप की पहचान, जेंडर-संवेदनशील आंकड़ों के सृजन और पर्यावरणीय लेखांकन को नीति निर्माण की प्राथमिकता बताया।

कार्यशाला का आयोजन बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग और भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसका उद्घाटन मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने किया, जबकि मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव डॉ. सौरभ गर्ग, यूएनडीपी की डॉ. एंजेला लुसिगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान “बिहार एसडीजी प्रोग्रेस रिपोर्ट 2025” समेत कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

Read more on Newsbrief