Brief By Newsbrief / 2:37 PM on 16 Mar 2026
पटना: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। विधानसभा परिसर में चल रही वोटिंग के दौरान अब तक 239 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। जानकारी के अनुसार एनडीए खेमे के सभी विधायक मतदान कर चुके हैं, जिससे सत्ता पक्ष का पलड़ा फिलहाल मजबूत माना जा रहा है।
दूसरी ओर विपक्षी खेमे की चिंता बढ़ गई है क्योंकि अब तक चार विधायक मतदान केंद्र नहीं पहुंचे हैं। इनमें कांग्रेस के तीन विधायक और राष्ट्रीय जनता दल के एक विधायक शामिल हैं। गायब विधायकों में वाल्मीकिनगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, फारबिसगंज से मनोज विश्वास, मनिहारी से मनोहर सिंह और ढाका से राजद विधायक फैजल रहमान का नाम शामिल है।
इन चारों विधायकों के नहीं पहुंचने से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों के नेता लगातार उनसे संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं एनडीए खेमे में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यदि ये चारों विधायक शाम 4 बजे तक मतदान केंद्र नहीं पहुंचते हैं तो एनडीए की पांचों सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। ऐसे में सभी की नजर अब मतदान के अंतिम समय पर टिकी हुई है।