Back

नालंदा में आंगनवाड़ी की छत से गिरा प्लास्टर, पढ़ाई के दौरान 6 बच्चे घायल

Brief By Newsbrief / 4:58 PM on 12 Mar 2026


बिहार के नालंदा जिले में आंगनवाड़ी केंद्र की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। परवलपुर प्रखंड के जयशिव बिगहा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-6 में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का निचला हिस्सा प्लास्टर सहित गिर पड़ा। इस हादसे में वहां मौजूद आधा दर्जन छोटे बच्चे घायल हो गए।

घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए एकंगरसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है।

घायलों में जयशिव बिगहा निवासी ज्वाला पासवान का 4 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार, रविशंकर पासवान की 4 वर्षीय पुत्री अणु कुमारी, 4 वर्षीय तन्नू कुमारी, नीतीश पासवान का 3 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार और आयुष कुमार समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। इनमें आकाश कुमार को सबसे ज्यादा चोट आई है और उसका पैर टूट गया है।

आंगनवाड़ी सेविका उषा देवी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले 77 हजार रुपये की लागत से भवन की मरम्मत कराई गई थी। इसके बावजूद छत का प्लास्टर गिरने से भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों ने भवन निर्माण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Read more on Newsbrief