Brief By Newsbrief / 10:28 AM on 06 Mar 2026
पटना: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने आवास पर जदयू के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य की आगामी राजनीतिक स्थिति और सरकार के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में पार्टी के कई बड़े नेता और जदयू के मंत्री भी शामिल होंगे। चर्चा का मुख्य विषय यह रहेगा कि नई सरकार किस तरह बनेगी और उसमें जदयू की भूमिका क्या होगी। साथ ही मुख्यमंत्री पद को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।
बैठक में इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि यदि मुख्यमंत्री जदयू से होता है तो वह कौन होगा। वहीं यदि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री बनता है, तो जदयू की तरफ से उपमुख्यमंत्री कौन होगा और किन नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है, इस पर भी चर्चा होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास पर दिन में किसी भी समय यह बैठक आयोजित की जा सकती है। इस बैठक को बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।