Brief By Newsbrief / 6:27 PM on 03 Mar 2026
आरा: आरा में होली और ईद की तैयारियों के बीच वार्ड नंबर 28 में एक गंभीर घटना सामने आई। पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई और इसी दौरान वार्ड पार्षद पिंटू खान को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई। जानकारी के अनुसार पिंटू खान अपने ऑफिस पर बैठे थे, तभी कुछ नामजद बदमाश उनसे कहासुनी करने लगे और मामला मारपीट में बदल गया।
बदमाशों ने पिंटू खान को गोली मारने की कोशिश की, लेकिन पार्षद किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे। घटना के तुरंत बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। आरोपी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।
घायल पार्षद पिंटू खान को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट और गोलीबारी की पूरी वारदात दर्ज है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस फिलहाल मामले पर कोई खुलासा नहीं कर रही है, लेकिन इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।