Brief By Newsbrief / 4:10 PM on 23 Feb 2026
पटना में सोमवार को राज्य स्तरीय NCORD (Narco Coordination Centre) की 9वीं एपेक्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने की। बैठक में राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती और दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि राज्य स्तर पर NCORD की बैठक त्रैमासिक और जिला स्तर पर मासिक रूप से आयोजित की जाए। सभी जिलाधिकारियों को NCORD पोर्टल पर रिपोर्ट समयबद्ध अपलोड करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध अफीम और गांजा की खेती की पहचान एवं नष्टिकरण के लिए BISAG और ADRIN से प्राप्त सैटेलाइट डेटा का प्रभावी उपयोग करने पर बल दिया गया।
ड्रग कानून प्रवर्तन एजेंसियों की क्षमता बढ़ाने, विशेष NDPS न्यायालय स्थापित करने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए भी रणनीति बनाई गई। सामाजिक जागरूकता अभियान के लिए प्रमुख आध्यात्मिक संगठनों के साथ सहयोग करने का निर्णय लिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि नीति निर्माण से लेकर जमीनी क्रियान्वयन तक सभी हितधारकों का सक्रिय सहयोग अभियान की सफलता के लिए अनिवार्य है।