Brief By Newsbrief / 5:33 PM on 19 Feb 2026
मुजफ्फरपुर : जिले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। 19 फरवरी को साहेबगंज नगर परिषद के जेई अमन कुमार मिश्रा को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई ठेकेदार राजकुमार तिवारी की शिकायत के बाद की गई।
बताया गया कि पेवर ब्लॉक लगाने के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई कार्यालय में दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाया।
गुरुवार को जैसे ही अमन कुमार मिश्रा ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें दबोच लिया और रकम बरामद कर ली। इससे पहले 17 फरवरी को हिमांशु कुमार और 18 फरवरी को भास्कर कुमार मिश्रा की गिरफ्तारी हो चुकी है।
लगातार तीसरे दिन हुई इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा है। आरोपी जेई को निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।