Brief By Newsbrief / 6:16 PM on 18 Feb 2026
भागलपुर: जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह छापेमारी मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के रहमतबाग मोहल्ले में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक नवनिर्मित मकान में संगठित तरीके से अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने मकान को चारों ओर से घेरकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए। साथ ही हथियार निर्माण में प्रयुक्त अत्याधुनिक उपकरण भी जब्त किए गए।
छापेमारी के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मोहम्मद शाहनवाज, मोहम्मद सद्दाब, मोहम्मद शमशेर आलम, मोहम्मद असलम (सभी कासिम बाजार, मुंगेर निवासी) तथा मोहम्मद मुनाजिर (नाथनगर निवासी) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।