Back

रेंगुनी में पार्सल विवाद से हिंसा, पुलिस वाहन पर पथराव

Brief By Newsbrief / 2:28 PM on 18 Feb 2026


ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के रेंगुनी में मंगलवार की देर शाम एक पार्सल गिरने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। रेंगुनी निवासी युवक पार्सल डिलीवरी का काम करता है। रास्ते में असर्फी कैंसर अस्पताल के पास उसका पार्सल गिर गया, जिसे पास के मकान में रहने वाले लोगों ने उठा लिया। जब युवक अपने साथियों के साथ पार्सल ढूंढने वहां पहुंचा, तो दोनों पक्षों में तीखी बहस और मारपीट हुई।

इस झगड़े के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने रेंगुनी दलित टोला में खड़ी पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन पर भी पथराव किया, जिससे उसका शीशा टूट गया। सूचना पाकर ईस्ट बसुरिया, तेतुलमारी और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। कतरास अंचल के इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी ने भी स्थिति को संभाला।

स्थिति गंभीर होने के कारण पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर नियंत्रण किया। कई घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अभी भी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी हुई है।

Read more on Newsbrief