Brief By Newsbrief / 1:35 PM on 13 Feb 2026
भागलपुर : साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर करीब 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में इस अवैध फाइनेंशियल नेटवर्क का खुलासा हुआ और इसके मास्टरमाइंड मो. गुफरान को गिरफ्तार कर लिया गया।
साइबर अपराध थाना में दर्ज मामले की तकनीकी जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम को योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग बैंक खातों के जरिए विदेशों में ट्रांसफर किया जा रहा था। जांच में यह भी पता चला कि नेटवर्क का संचालन फरीदाबाद से किया जा रहा था, जबकि इसके तार दुबई समेत कई विदेशी शहरों से जुड़े थे।
पुलिस की विशेष टीम ने मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत छिछुआडीह गांव में छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से दबोचा। पूछताछ में उसने ठगी की रकम विदेश भेजने की बात स्वीकार की है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी लगातार जारी है।