Back

मैदान के बाद अब परीक्षा की पिच पर वैभव सूर्यवंशी, CBSE 10वीं का एडमिट कार्ड जारी

Brief By Newsbrief / 10:47 AM on 12 Feb 2026


समस्तीपुर  से गर्व की खबर सामने आई है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अब एक नई पारी की तैयारी में हैं। क्रिकेट के मैदान पर धमाल मचाने के बाद अब वे परीक्षा हॉल में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी हो गया है।

17 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा में वैभव के शामिल होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार उनका परीक्षा केंद्र शहर के एक प्रमुख विद्यालय में निर्धारित किया गया है। विद्यालय प्रशासन ने एडमिट कार्ड जारी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विद्यालय के प्राचार्य नीलकिशोर सिन्हा ने इसे पूरे समस्तीपुर के लिए गर्व का विषय बताया। हालांकि, वैभव को परीक्षा में कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी और वे अन्य छात्रों की तरह ही परीक्षा देंगे।

हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया था। अब क्रिकेट के इस चमकते सितारे की अगली परीक्षा बोर्ड हॉल में होगी, जिस पर पूरे जिले की नजरें टिकी हैं।

Read more on Newsbrief