Back

बजट में बिहार को सिर्फ झुनझुना, गरीब बदहाल” – अख्तरुल इमान का केंद्र पर तीखा हमला

Brief By Newsbrief / 1:08 PM on 02 Feb 2026


एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और विधायक दल के नेता अख्तरुल इमान ने केंद्र सरकार के बजट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस बजट में बिहार को कुछ भी ठोस नहीं मिला है। “बजट में सिर्फ झुनझुना है। न बिहार को कुछ मिला, न देश को। गरीब परेशान है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है,” उन्होंने कहा।

अपनी सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर अख्तरुल इमान ने कहा कि यह पुलिस और सरकार का विषय है, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। बिहार विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं आज भी गंभीर बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के घरों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है और सरकार इन मुद्दों से मुंह मोड़ रही है।

धार्मिक स्थलों में लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर अपने बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि नियम सभी धर्मों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। “चाहे मस्जिद हो या कोई अन्य धार्मिक स्थल, लाउडस्पीकर की आवाज सीमित होनी चाहिए और इसे एक समान परंपरा बनाया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।

 

Read more on Newsbrief