Back

राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा फेरबदल: आलोक सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष, मदन चौधरी को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी

Brief By Newsbrief / 4:31 PM on 30 Jan 2026


बिहार में एनडीए के प्रमुख घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। पार्टी के दिनारा से विधायक आलोक कुमार सिंह को बिहार प्रदेश राष्ट्रीय लोक मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में जानकारी राजधानी पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने दी।

अब तक पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे मदन चौधरी को संगठन में राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह बदलाव संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से किया गया है।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से यह चर्चा तेज थी कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कुछ विधायक पार्टी नेतृत्व से असंतुष्ट चल रहे हैं। कई पार्टी कार्यक्रमों में विधायकों की अनुपस्थिति ने इन अटकलों को और हवा दी थी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल गठन और पार्टी के अंदरूनी पदों को लेकर असंतोष के स्वर उभरे थे।

हालांकि इन तमाम अटकलों को खारिज करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट कहा कि विधायकों की नाराजगी की बातें केवल मीडिया की चर्चाएं थीं। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी प्रकार का दबाव या असंतोष नहीं है और सभी निर्णय पार्टी हित में लिए गए हैं।

Read more on Newsbrief