Back

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया

Brief By Newsbrief / 1:06 PM on 28 Jan 2026


मुजफ्फरपुर : सिविल कोर्ट परिसर को लेकर एक गंभीर और चिंताजनक सूचना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद न्यायिक और प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला जज महोदय के निर्देश पर एहतियातन सिविल कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराने का आदेश जारी किया गया।

आदेश के अनुपालन में कोर्ट में मौजूद सभी माननीय अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों, वादकारियों और अन्य आगंतुकों से शांति बनाए रखते हुए परिसर खाली करने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। बम निरोधक दस्ता और जांच टीम द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आमजन से सतर्क रहने व सहयोग करने की अपील की गई है।

Read more on Newsbrief