Brief By Newsbrief / 3:48 PM on 27 Jan 2026
पटना: बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल की सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने इस मामले में सीधे तौर पर राज्य सरकार और केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार चाहता है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।
मीसा भारती ने आरोप लगाया कि इस मामले में लीपापोती की कोशिश की जा रही है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। आरजेडी सांसद ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को वे आगामी विधानसभा सत्र में भी उठाएंगी और जरूरत पड़ी तो सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर मीसा भारती ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है, ऐसे में अगर किसी को धमकी मिल रही है तो सरकार बताए कि धमकी देने वाला कौन है और उसे जेल भेजा जाए। वहीं रोहिणी आचार्य के ट्वीट पर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनसे ही जाकर पूछा जाए।