Brief By Newsbrief / 7:44 PM on 23 Jan 2026
दानापुर रेल मंडल अंतर्गत जयप्रकाश महुली हॉल्ट के पास ट्रेन संख्या 15713 कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन साइड के दूसरे जेनरल बोगी में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकलने लगा। अथमलगोला स्टेशन से थ्रू पास कर रही ट्रेन में यह दृश्य देख स्टेशन कर्मी राजेश कुमार ने तुरंत गार्ड और ड्राइवर को सूचित किया। उन्होंने गेट नंबर 61 के गैटमैन को लाल झंडा दिखाने को कहा, जिससे ट्रेन को समय पर रोका जा सका।
ट्रेन रुकते ही कोच में धुआं फैलने से यात्रियों में भय और अफरा-तफरी मच गई। रेलकर्मी और ड्राइवर ने तुरंत अग्निशमन यंत्र और तकनीकी उपायों से ब्रेक वाइंडिंग को ठीक किया। लगभग आधे घंटे बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य बख्तियारपुर जंक्शन के लिए प्रस्थान कर सकी।
रेलकर्मी राजेश कुमार की सूझबूझ और तत्परता ने एक बड़े रेल हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई। यात्रियों को समझा-बुझाकर ट्रेन में सुरक्षित बैठने के लिए प्रेरित किया गया। यह घटना रेलवे कर्मियों की दक्षता और समय पर किए गए सतर्क कदम की मिसाल बन गई।