Brief By Newsbrief / 5:14 PM on 23 Jan 2026
पटना : बिहार के कई जिलों में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क फैलने के संकेत मिलने लगे हैं. इस बीच पटना पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंग से जुड़े चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों के मंसूबों को करारा झटका लगा है.
मौसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी परमानंद यादव को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया. परमानंद यादव पर संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं और जांच में उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधों की पुष्टि हुई है.
इसके अलावा परमानंद यादव के तीन अन्य सहयोगियों को बेउर थाना पुलिस ने न्यू बाईपास इलाके से गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नेपाली करेंसी, विदेशी पासपोर्ट, देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि ये अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.
इस मामले पर पश्चिमी पटना के एसपी भानू प्रताप ने बताया कि पुलिस संगठित अपराध पर कड़ी नजर रखे हुए है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं.