Brief By Newsbrief / 9:50 AM on 15 Jan 2026
पटना : पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मालादेवी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के पति होटल संचालक सुबोध शर्मा और उसके सहयोगी कुणाल किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या पैसों के लालच और पारिवारिक शक के चलते की गई।
पुलिस के मुताबिक सुबोध शर्मा को पत्नी मालादेवी के कई लोगों से कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसके अलावा दंपती के बीच जमीन बेचकर मिले करीब 26 लाख रुपये को लेकर भी गंभीर विवाद चल रहा था। सुबोध को आशंका थी कि पत्नी उसे यह रकम नहीं देगी, जिससे तनाव लगातार बढ़ता गया।
इन्हीं कारणों से सुबोध शर्मा ने अपने दोस्त कुणाल किशोर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मालादेवी की हत्या कर इसे अन्य रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।