Brief By Newsbrief / 7:17 PM on 19 Jul 2025
गया :गया के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत शेखपुरा मोहल्ला में शनिवार की शाम अपराधियों ने खुलेआम एक चर्चित चिकित्सक पर गोलीबारी कर सनसनी फैला दी. बाइक सवार तीन अपराधियों ने शेरघाटी के प्रख्यात डॉक्टर तपेश्वर प्रसाद को निशाना बनाकर गोलियां चलाई.इस हमले में एक गोली डॉक्टर के जबड़े में जा लगी, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
गोली जबड़े में फंसी हुई है
घटना के बाद डॉक्टर को पहले शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया.चिकित्सकों के अनुसार, गोली जबड़े में फंसी हुई है और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है.सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार और शेरघाटी एएसपी शैलेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद हुआ है.
तीन हमलावर, एक गोली लगी, दो मिसफायर
स्थानीय लोगों के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक मौके पर आए और डॉक्टर पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई.दो गोली निशाना चूक गई, जबकि एक गोली डॉक्टर तपेश्वर प्रसाद के जबड़े में जा लगी. गोलीबारी होते ही मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे हमलावर भागने में सफल हो गए.
डॉक्टर अपने बगीचे से घर लौट रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डॉक्टर अपने बगीचे से घर लौट रहे थे, तभी उन पर यह हमला हुआ. फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है.घटना के संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन आंतरिक सूत्रों की मानें तो यह मामला आपसी रंजिश या रंगदारी से जुड़ा हो सकता है. शेरघाटी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.