Back

ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़ा का महामंडलेश्वर पद देने पर खड़ा हुआ विवाद,अखाड़े से किया गया निष्कासित

Brief By Newsbrief / 10:15 PM on 31 Jan 2025


प्रयागराज  : प्रयागराज में हर दिन कुछ ना कुछ नया हो रहा है जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन रहा है. फिलहाल एक और महत्वपूर्ण खबर यह आयी है कि पूर्व फिल्म अभिनेत्री और किन्नर अखाड़ा में हाल ही में राज्याभिषेक होकर शामिल हुईं ममता कुलकर्णी को हटा दिया गया है. किन्नर अखाड़ा से उन्हें निष्कासित भी कर दिया गया है. किन्नर अखाड़ा के संस्थापक संत अजय दास ने उन्हें निष्कासित कर दिया है. उनके साथ ही आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को भी हटा दिया है.

 

हाल ही में सन्यास धर्म अपनाया था ममता कुलकर्णी ने

 

पिछले दिन आपने देखा कि बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी प्रयागराज पहुंची थीं. उन्होंने पिंडदान किया. सांसारिक माया मोह से निवृत होने का संकल्प लेते हुए संत संस्कार में शामिल होने का कर्मकांड किया था. उन्हें किन्नर अखाड़ा ने महामंडलेश्वर का पद दिया था. आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उन्हें यह पद दिया था.

 

इधर किन्नर अखाड़ा के संस्थापक अजय दास ने घोषणा की है कि किन्नर अखाड़े का जल्द ही पुनर्गठन किया जाएगा. हम आपको बता दें कि पूर्व फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़ा का महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद से संत बिरादरी में उनकी आलोचना शुरू हो गई थी. साथ ही अखाड़े पर भी उंगली उठने लगी थी. सवाल यह उठ रहा था कि किसी एक स्त्री को किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर कैसे बनाया जा सकता है. उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है. पिछले दिनों ममता कुलकर्णी यहां पहुंची और उन्होंने सनातन धर्म अपना लिया था. उनका राज्याभिषेक भी कराया गया था. उनका नया नाम श्री यामाई ममता नंद गिरी रखा गया था. 7 दिनों तक वह इस महाकुंभ परिसर में प्रवास भी की थीं. लेकिन विवाद बढ़ता ही चला गया अंततः परिणाम यह सामने आया है कि ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़ा ने महामंडलेश्वर पद से हटा दिया.

Read more on Newsbrief