Brief By Newsbrief / 11:16 PM on 22 Nov 2023
छपरा : पूर्व सांसद और बिहार के पूर्व मंत्री शाहनवाज़ हुसैन सारण सांसद राजीव प्रताप रूढ़ि के आवास पहुंचे. जहाँ उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान पीएम से लेकर सीएम तक के जाति का उल्लेख करते हुए बिहार सरकार द्वारा आरक्षण की सीमा को 75 फीसदी तक बढ़ाने का श्रेय लेते हुए बताया कि आरक्षण की सीमा को बढ़ाने में भाजपा की महत्ती भूमिका है.
सदन में आरक्षण सीमा 80 फीसदी तक बढ़ाने का निवेदन - शाहनवाज़ हुसैन
शाहनवाज़ हुसैन ने बताया कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने आरक्षण की सीमा को 80 फीसदी तक बढ़ाने का निवेदन सदन के अंदर किया था.उन्होंने बताया कि कर्पूरी ठाकुर को जनसंघ की मदद से और लालू यादव के साथ नीतीश कुमार को भाजपा ने मुख्यमंत्री के पद पर बैठाया था. हालांकि आज दोनों नेता भाजपा को पानी पी पीकर कोसने और साम्प्रदायिक दल कहने में कोई गुरेज नही करते हैं.
सरकार बदल गई और विकास रुक गया- शाहनवाज़ हुसैन
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब बिहार में नीतीश कुमार एनडीए के साथ सरकार चला रहे थे तब उन्हें मंत्री बनने का अवसर मिला और जिस राज्य में सिर्फ ईंट भट्ठा के चिमनी से धुंआ निकलता दिखता था वहाँ अन्य उद्योग लगने के आसार पैदा हुए. बियाडा की महंगी जमीन की कीमत को कम कर उद्योग लगाने के इच्छुक उद्योगपतियों को आकर्षित करने का काम शुरू हुआ लेकिन सरकार बदल गई और विकास रुक गया.