Back

पटना में अपराधियों ने महाराष्ट्र से आ रहे व्यक्ति से 98हजार लूटा,पुलिस अधिकारियों ने केस दर्ज करने से किया इंकार

Brief By Newsbrief / 6:43 PM on 15 Feb 2022



पटना - पटना सिटी क्षेत्र के अगम कुआं थाना का भूतनाथ रोड  लुटेरों का जमावड़ा बन चुका है. ऐसे में यहां से लूट का नया मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से आ रहे प्रफुल्ल झा को अपने गांव ढाका जाना था. वे  पाटलिपुत्र जंक्सन उतरे और जीरो माइल पहुँचे  और ढाका जाने के लिए बस के इंतजार में खड़े हो गए. तभी दो आदमी वहां ऑल्टो कार से आए और प्रफुल्ल से पूछे कि उन्हें कहां जाना है. प्रफुल्ल के यह बताने पर कि उन्हें ढाका जाना है, उन अज्ञात लोगों ने कहा कि वे भी ढाका ही जा रहे है. उनके ऐसा कहने पर प्रफुल्ल उनके साथ गाड़ी में बैठ गए और साथ ढाका जाने के लिए निकल पड़े. इसी दौरान दोनों ने प्रफुल्ल के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया.
मामला दर्ज करने से इंकार
बता दें कि अपराधियों ने प्रफुल्ल के बैग में रखे 98 हजार और एक मोबाइल के साथ ही उनके पॉकेट से 7000 रुपए की लूट की और बीच सड़क पर प्रफुल्ल को कार से बाहर निकाल दिया. इसके बाद उन्हें घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर खड़ी थाना की जिप्सी दिखाई दी. वहां जाकर जब प्रफुल्ल ने पुलिस को घटनाक्रम बताया तो पुलिस ने उन्हें थाना चलने को कहा. इसके बाद थाना पहुंच कर प्रफुल्ल ने पुलिस अधिकारी को पूरी घटनाक्रम के बारे में बताया. जिसके बाद उनसे कहा गया कि आप जहां से आए है (महाराष्ट्र), वहीं जाकर मामला दर्ज करवाएं. ऐसे में ना तो पीड़ित प्रफुल्ल की रिपोर्ट दर्ज की गई और ना ही अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई. 

Read more on Newsbrief