Brief By Newsbrief / 6:15 PM on 11 Feb 2022
गुरुग्राम(GURUGRAM)- हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 109 में निर्माणधीन सोसायटी में बीती रात बड़ा हादसा हुआ है. यहां Chintels Paradison सोसायटी के एक अपार्टमेंट का एक हिस्सा ढह गया . इस हादसे में एक की मौत हो गई है. जबकि कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है. समाचार एजेंसी के मुताबिक, किन्टेल्स पाराडिसो हाउसिंग कॉम्पलेक्स के एक अपार्टमेंट की छत गिरने से उसके नीचे के पांच-छह मंजिल और गिर गए हैं. पुलिस सहित राहत बचाव दल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं.
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
इमारत में 5 से 6 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. जिला प्रशासन राहत कार्य में जुटा है. गुरुग्राम पुलिस औऱ अन्य बचाव एजेंसियां मलबे के बीच दबे लोगों की तलाश में जुटी हैं. हादसे की वजहों का अभी तक पता नहीं चल सका है. चिंटेल्स पैराडाइसो हाउसिंग कांप्लेक्स गुरुग्राम के सेक्टर 109 में स्थित है, जहां एक इमारत में ये दुर्घटना हुई है.
मुख्यमंत्री निजी तौर पर कर रहे निगरानी
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा, "गुरुग्राम में पैराडाइसो हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में अपार्टमेंट की छत के दुर्भाग्यपूर्ण ढहने के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम , प्रशासनिक अधिकारी बचाव और राहत कार्य में व्यस्त हैं. मैं निजी तौर से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं."