Brief By Newsbrief / 3:16 AM on 02 Nov 2021
राज्यपाल-सह-झारखंड राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति श्री रमेश बैस ने सभी विश्वविद्यालयों को समयबद्ध होकर कार्य करने हेतु निदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालय बैठक में दिए गए निदेशों का हर हाल में अनुपालन सुनिश्चित करें। कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में रोस्टर क्लियरेंस एक अहम समस्या है। इस दिशा में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग गंभीरतापूर्वक ध्यान दें। उन्होंने विश्वविद्यालयों को भी आधे-अधूरे जानकारी के साथ कोई भी तथ्य प्रेषित नहीं करने हेतु निर्देश दिया और कहा कि सभी कार्य प्रतिबद्धता के साथ करें। राज्यपाल महोदय आज राज भवन में विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे। बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री अमिताभ चौधरी, अपर मुख्य सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा श्री के.के. खंडेलवाल, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह, प्रधान सचिव, योजना एवं वित्त श्री अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव, कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा श्रीमती वंदना डाडेल, सचिव, भवन निर्माण श्री सुनील कुमार, उच्च शिक्षा निदेशक एवं सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति/प्रभारी कुलपति अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।