Brief By Newsbrief / 7:50 PM on 07 Dec 2021
रामगढ़ । पतरातू प्रखंड के हेहल गांव में तुगलकी फरमान की चर्चा पूरे जिले में जारी है ।आज भी सामंती प्रथा की बू आ रही है। गांव के कुछ लोग द्वारा तुगलकी फरमान जारी करते हुए छोटेलाल करमाली के परिवार का समाजिक बहिष्कार कर दिया गया है। पीड़ित परिवार के लोगों द्वारा बताया गया कि इनकी पुत्री पिछले दिनों अपने मित्र के साथ कहीं चली गई थी। जिसकी सूचना बरकाकाना ओपी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक युवती को अपनी हिरासत में लेकर बरकाकाना ओपी परिसर लाया गया। जहां दोनों के परिजनों के बीच आपसी रजामंदी से नाबालिग बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दी गई। इसके बाद युवती के परिजनो को उनके जाति समाज के लोगों द्वारा सामाजिक बहिष्कार कर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई है। इसके अलावा सरकारी कुआं से भी पानी लेने पर रोक लगा दी गई है। जिससे पीड़ित परिवारों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पीडि़त परिवारों द्वारा बताया गया कि अगर न्याय नहीं मिल पाता है तो सामूहिक रूप से परिवार के सभी सदस्य आत्मदाह कर लेंगे। इस संबंध में बरकाकाना ओपी प्रभारी मंटू चौधरी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस तरह के मामला से संबंधित किसी भी तरह की सूचना ओपी में नहीं आई है। सूचना आने के उपरांत वैसे लोगों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सामाजिक बहिष्कार के संबंध में रामगढ़ नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 के वार्ड पार्षद प्रदीप शर्मा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। इस पर दोनों पक्ष के लोगों को सामाजिक स्तर पर समझाने का प्रयास किया जाएगा। मामला सलट जाता है तो ठीक है। नहीं तो इस पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगा। ताकि पीडित परिवार को न्याय मिल सके। फिलहाल पीड़ित परिवार गांव के लोगों के तुगलकी फरमान से परेशान है।
नाले के पानी से काम चला रहा है पीड़ित परिवार । हालांकि रामगढ़ जिले के अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास किया गया है ।आज से पानी की भी सुविधा दी गई है। मगर पीड़ित परिवार आज भी सशंकित है ।।